चे का चेहरा

इतिहास अगर शख्सियत में ढला हो, तो उसका सिर्फ एक चेहरा हमारी किताबों, हमारे ज़ेहन में दर्ज रहता है। शिवाजी हों, महात्‍मा गांधी हों, बोस हों या फिर मार्क्‍स-लेनिन, सबका एक लोकप्रिय चेहरा हमारे सामने है। ये चेहरे कभी किसी वक्‍त की छवि होते हैं और बाद में वो छविकार के कॉपीराइट से आज़ाद दुनिया में तैरते रहते हैं। ओम थानवी चे के मशहूर चेहरे और उसके छविकार की कहानी बता रहे हैं।

वह तस्‍वीर चे ने खुद कभी नहीं देखी। उस तस्‍वीर से उसके छविकार ने कभी एक पैसा नहीं कमाया। मगर दुनिया के हर कोने में आज वह छवि मौजूद है। विद्रोह और क्रांति के एक सशक्‍त प्रतीक के रूप में। टाइम पत्रिका द्वारा चे गेवारा को पिछली सदी की सौ हस्तियों में शरीक करने से बहुत पहले वह छवि दुनिया में सबसे ज्‍यादा छपी तस्‍वीर घोषित की गयी थी।

क्‍यूबा के छायाकार एल्‍बर्तो कोरदा ने 5 मार्च, 1960 को हवाना के क्रांति चौक पर चे गेवारा की उस बेचैन मुद्रा को पकड़ा था। वह चे की सामान्‍य छवि नहीं थी। मगर उस रोज़ पूरा मुल्‍क गमगीन था। एक भारवाही जहाज़ में हुए विस्‍फोट में बहत्तर नागरिक मारे गये थे। फिदेल कास्‍त्रो ने हादसे को अमेरिका समर्थित गद्दारों की कार्रवाई करार दिया। क्रांति चौक पर शोक में एक सभा हुई। लाखों लोग उसमें शामिल हुए। उसमें सिमोन द बुआ और ज्‍यां पॉल सार्त्र भी मौजूद थे। वे चे के बुलावे पर कुछ रोज़ पहले क्‍यूबा आये थे।

चे सभा में थोड़ी देर से पहुंचे। मुख्‍य मंच के सामने बनी अस्‍थायी चौकी पर चुपचाप पीछे की तरफ खड़े हो गये। आगे भीड़ ज्‍यादा थी। चौकी पर कुछ जगह हुई। चे आगे आये। एक नज़र लोगों के सैलाब पर डाली। फिर शायद बेगुनाह मृतकों का खयाल उभर आया। उनकी आंखों में लोगों ने रोष देखा।

उस वक्‍त कोरदा नीचे से चौकी पर खड़े सार्त्र की तस्‍वीर ले रहे थे। उन्‍होंने देखा, आधे जूम वाले कैमरे की आंख में चे का चेहरा है। बिखरे हुए लंबे बाल। सुनहरे तारे वाली काली टोपी। हरा जरकिन। हवा में खुनकी थी, सो जरकिन गले तक कस रखा था। कोरदा ने तस्‍वीरें लीं। चौड़ा फ्रेम। एक तरफ सुरक्षाकर्मी, दूसरी तरफ पेड़ की डाल। अगले ही क्षण चे वापस पीछे हो गये।

चे की वह छवि कहीं कोरदा की फाइलों में जमा हो गयी। सात साल बाद अचानक इटली के एक प्रकाशक फेल्‍त्रीनेल्‍ली ने चे की बोलीविया डायरी के आवरण पर वह तस्‍वीर इस्‍तेमाल की - सलीके से चेहरे के इर्द-गिर्द की जगह छांट कर। किताब के लिए बना एक पोस्‍टर - जिस पर केवल छवि थी - किताब से ज्‍यादा लोकप्रिय हुआ।

मशहूर आयरिश कलाकार जिम फिट्जपेट्रिक ने उस पोस्‍टर के आधार पर एक काले-सफेद पोट्रेट की रचना की। वह युवकों में लोकप्रिय हो गया। बाद में अमेरिकी चित्रकार एंडी वारहोल ने अपनी एक कृति में चे की वह छवि टांक दी।

कभी संयोग से खींची गयी वह तस्‍वीर जाने कितने रूपों में ढली और पोस्‍टर कलाकृतियों से होते हुए लोगों के पहनावे पर छा गयी। आज सिगार, लाइटर, कैलेंडर, पेन और घड़‍ियों से लेकर टीशर्ट-टोपियों तक वह छवि हर कहीं नुमाया है - झारखंड से लेकर संयुक्‍त राज्‍य अमेरिका तक। विज्ञापनों में भी उस तस्‍वीर का नाजायज़ इस्‍तेमाल होता है।

विडंबना है कि जुझारू चे के चेहरे का आज बहुत बड़ा बाज़ार है। क्रांति का दूत रूमानी युवकों के लिए मानो फैशन का हरकारा है!

0 comments: